वाराणसी। धनतेरस पर्व को लेकर श्री अन्नपूर्णा मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गुरुवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महंत शंकर पुरी से मुलाकात कर दर्शन और खजाना वितरण की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित कराए जाएं। साथ ही भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
धनतेरस पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।







