14 बोरियों में 323 किलो अवैध पटाखे बरामद, फरार मुख्य आरोपी गुलाब गुप्ता गिरफ्तार; 50 हजार रुपये थी कीमत

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

आजमगढ़। मुबारकपुर में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 29 अक्टूबर को एक मकान में छापेमारी के दौरान 14 बोरियों में भरे करीब 323 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई थी। मौके से फरार आरोपी को पुलिस ने चार नवंबर को हिरासत में लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरारानी निवासी गुलाब गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय कन्हैयालाल गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शाम 5:20 बजे हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

मकान में किराये पर रहकर कर रहा था अवैध कारोबार

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को उपनिरीक्षक प्रदीप बाजपेयी पुलिस टीम के साथ मुबारकपुर कस्बे के पुरारानी स्थित एक आवासीय मकान में छापेमारी करने पहुंचे थे। जांच में सामने आया कि मकान में किराये पर रह रहा गुलाब गुप्ता बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री कर रहा था।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था। मकान की तलाशी में विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरी 14 बोरियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन लगभग 323 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई थी।

विस्फोटक अधिनियम में दर्ज था मुकदमा

बरामदगी के आधार पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 381/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।

पटाखों की सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस

पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। अवैध पटाखों की आपूर्ति के स्रोत और इस कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर सहित थाना पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई