लखनऊ। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने प्रदेश भर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर 5 नवंबर से 17 नवंबर तक अस्थायी रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। अब सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिसकर्मी को छुट्टी नहीं मिलेगी। केवल अपरिहार्य और विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।
डीजीपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रति सभी विशेष पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक (SP), अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), रेलवे के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पीएसी और विशेष सुरक्षा बल समेत पुलिस की सभी शाखाओं को भेजी गई है।
आदेश में सभी जोन और रेंज के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
मुख्यालय के अनुसार, दीपोत्सव, लक्ष्मी पूजन, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पूजा के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।








