चन्दौली के बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेकरी की दुकान की आड़ में चल रहे पटाखों के गोदाम का भंडाफोड़ किया है। चहनियां चौराहे के पास स्थित रिद्धी बेकर्स की दुकान से 103 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घनी आबादी के बीच जमा था विस्फोटक सामग्री का जखीरा
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को बलुआ पुलिस टीम चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास रिद्धी बेकर्स की दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली।
दुकान के बगल के कमरे में नौ गत्तों में भरे पटाखे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर इनका कुल वजन 103 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना वैध लाइसेंस या अनुमति के घनी आबादी के बीच सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर विस्फोटक सामग्री का भंडारण कर रहा था।
पाइप बम, सुतली बम और बुलेट बम भी बरामद
बरामद पटाखों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम, चटाई और आसमानी पटाखे समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने सभी पटाखों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान, निवासी खण्डवारी चहनियां, थाना बलुआ, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना बलुआ पर मुकदमा संख्या 309/2026, धारा 288 बीएनएस एवं 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
– प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह
– वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव
– उपनिरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह
– कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा
– कांस्टेबल मनोज कुमार
– कांस्टेबल अनमोल वर्मा
– कांस्टेबल संदीप कुमार
बलुआ पुलिस की इस कार्रवाई से घनी आबादी के बीच अवैध पटाखों के भंडारण से पैदा हो सकने वाले गंभीर खतरे को टालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।







