आगामी धनतेरस, दीपावली एवं भाईदूज के त्योहारों के दृष्टिगत शहर में बढ़ने वाली भीड़, वाहनों के दबाव, जाम एवं अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरे। पुलिस आयुक्त द्वारा कचहरी से भोजूबीर एवं मरीमाई से रथयात्रा तक प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं जाम संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी गई। इस दौरान अतिक्रमण, पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात संचालन में आ रही समस्याओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देशः
1. अगले 04 दिनों तक अधिकारी स्वयं सड़कों पर रहकर संभालेंगे यातायात व्यवस्थाः
• आगामी चार दिनों में बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर लोगों की भारी भीड़ तथा वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने की संभावना के दृष्टिगत सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था की निगरानी करें। केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
2. थानों की 80 प्रतिशत पुलिस फोर्स सड़क पर रहेगी:
• पुलिस आयुक्त द्वारा सख्त निर्देश दिए गए कि आगामी त्योहारों के दौरान प्रत्येक थाने की उपलब्ध पुलिस फोर्स का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा सड़कों, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्यूटी करता हुआ दिखाई देना चाहिए। पुलिसकर्मियों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को सुरक्षा का एहसास हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
3. प्रमुख मार्गों एवं जाम संभावित स्थलों पर विशेष निगरानीः
• यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं जाम संभावित स्थलों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाए तथा भीड़ एवं वाहनों के दबाव के अनुसार पुलिस बल की तैनाती में बदलाव किया जाए।
4. सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की कार्रवाई:
• दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण, ठेले, खोमचे एवं अन्य अवरोधों को हटवाया जाए। संबंधित थाना प्रभारी एवं यातायात निरीक्षक संयुक्त रूप से अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि पैदल यात्रियों एवं वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
5. कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन:
• पुलिस आयुक्त की पहल पर लागू कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित रंगों के अनुसार वाहनों को पार्क कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े कराने तथा निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
6. व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जवाबदेही निर्धारित करना:
• बाजारों के दुकानदारों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया जाए कि वे अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही कराएं। दुकानों के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग कराकर यातायात बाधित करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी जाए तथा निर्देशों का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
7. वैकल्पिक पार्किंग एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था:
• प्रमुख पार्किंग स्थलों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहन चालकों को नजदीकी वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाए। बाजार क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पार्किंग एवं मार्ग संबंधी संकेतक लगाए जाएं तथा यातायात कर्मियों द्वारा वाहन चालकों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
8. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई:
• गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन रोकने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
9. आपातकालीन आवागमन सुनिश्चित करना:
• त्योहारों के दौरान भीड़ एवं वाहनों के दबाव के बावजूद एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन हेतु प्रमुख मार्गों को बाधा मुक्त रखा जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी विशेष सतर्कता बरतें।
10. राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी:
• सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं व्यस्त मार्गों का नियमित भ्रमण एवं पैदल गश्त करें। यातायात व्यवस्था में आ रही समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराएं तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए व्यवस्था की निरंतर समीक्षा करें।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी चार दिनों तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ फील्ड में रहेंगे। यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण एवं पार्किंग प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से अपील की जाती है कि त्योहारों के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखें तथा सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।








