त्योहारों पर उपद्रव की साजिश बर्दाश्त नहीं! सीएम योगी का सख्त अल्टीमेटम, अफवाहबाजों पर तत्काल कार्रवाई और बाजारों में 24 घंटे पुलिस पहरा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

लखनऊ, 4 नवंबर। आगामी धनतेरस, दीपावली और अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले भव्य दीपोत्सव के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने और अफवाह या भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बाजारों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

धनतेरस और दीपावली पर प्रमुख बाजारों में 24×7 पुलिस निगरानी, सघन पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए।

दीपोत्सव के लिए सुरक्षा और यातायात का विशेष प्लान

अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। मुख्यमंत्री ने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा और अग्निशमन की तैयारी

पटाखों की दुकानों और अस्थायी गोदामों को आबादी से दूर सुरक्षित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को फायर टेंडरों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

बिजली, पानी और किसानों के लिए भी सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने त्योहारों के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय त्योहार से पहले खातों में भेजने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही यूरिया और डीएपी की कालाबाजारी तथा धान खरीद में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना खरीद केंद्र से वापस न लौटे मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश: त्योहारों पर सुरक्षा, शांति और जनसुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment