डीडीयू नगर
जीटीआर रेलवे ब्रिज पर क्षतिग्रस्त पटिया के कारण गुरुवार की शाम करीब छह बजे एक रेल अधिकारी नीचे रेलवे लाइन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी की पहचान आरआरआई डीडीयू में ड्यूटी पर जा रहे डिप्टी एसएस संतोष कुमार पांडेय के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर, छाती और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
संतोष कुमार पांडेय इंडियन इंस्टीट्यूट आवास से पैदल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज पर पटिया हटने और क्षतिग्रस्त होने के कारण अंधेरे में उन्हें स्थिति दिखाई नहीं दी और वह पुल से नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने उन्हें अचेत अवस्था में उठाकर मंडल रेल अस्पताल पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया। उनके साथ परिवार के सदस्य और रेलकर्मी भी अस्पताल पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही अक्षय प्रताप सिंह, एसएस-1 संजय कुमार सिंह, एसएस-2 संजय सिंह, सीवाईएम नरेंद्र सिंह, मनोज कुमार चौधरी, विनायक पांडेय, अनूप सिंह और मोइनुद्दीन सहित अन्य रेलकर्मियों ने तत्काल मदद की। रेल कर्मचारियों का कहना है कि जीटीआर ब्रिज पर पटिया क्षतिग्रस्त होने की समस्या अक्सर बनी रहती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
कर्मचारियों ने पुल की नियमित जांच कराने और क्षतिग्रस्त पटियों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







