चंदौली सकलडीहा ।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति फेज-6.0’ अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली, आकाश पटेल के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक चन्दौली विक्रम दहिया के मार्गदर्शन में महिला शक्ति नोडल अधिकारी / क्षेत्राधिकारी लाइन,
डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में थाना सकलडीहा अंतर्गत सकलडीहा इंटर कॉलेज व सकलडीहा पीजी कॉलेज में छात्राओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने तथा उनके गरिमामय जीवन जीने के अधिकार से संबंधित विषयों पर एक बृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 12वीं की छात्राओं को पुलिस सुरक्षा एवं विभिन्न हेल्पलाईन नंबरों के माध्यम से मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही, वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों—विशेषकर ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से जुड़े खतरों और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे मामलों से सतर्क रहने की अपील की गई।
छात्राओं को हिदायत दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, और साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के पश्चात छात्राओं व पुलिस टीम द्वारा जन जागरूकता हेतु एक भव्य रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से क्षेत्र में आमजन व बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं को पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सकलडीहा, भूपेन्द्र निषाद, मिशन शक्ति प्रभारी लक्ष्मीकांत मिश्रा, म0का0 नेहा, म0का0 रीमा यादव सहित अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।







