पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की तैयारियों को लेकर अस्थाई थानों पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग—दर्शकों की सुरक्षा, सुगम यातायात, सुव्यवस्थित भीड़ प्रबंधन एवं जन सुविधाओं पर विशेष जोर; जन सहयोग से भव्य, सुरक्षित एवं यादगार आयोजन की तैयारी।

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

 दिनांक 22, 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के दृष्टिगत 79 अस्थाई पुलिस थानों की स्थापना, प्रत्येक थाने पर 01 उपनिरीक्षक एवं 04 आरक्षियों की तैनाती।
 अस्थाई थानों पर तैनात पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर छतों पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं दर्शकों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेंगे।
 दर्शकों की सुविधा सर्वोपरि, पुलिसकर्मी शालीन व्यवहार के साथ ‘सर’ एवं ‘मैडम’ कहकर करेंगे संबोधित और देंगे आवश्यक मार्गदर्शन।
 महिला दर्शकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए महिला पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती।
 नमोघाट से लगभग 02 किमी दूर वरुणा नदी के बगल सरायमोहन घाट से खाकी कुटी बाबा मंदिर घाट तक 10 ब्लॉक बनाकर दर्शकों के लिए एयर शो देखने की बेहतर व्यवस्था की जा रही है।
 डुमरी क्षेत्र में भी दर्शकों के लिए बेहतर दृश्यता वाले स्थल विकसित किए जा रहे हैं, जिससे वे सुगम आवागमन के साथ सुविधाजनक स्थानों से एयर शो का आनंद ले सकेंगे।
एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शक दीर्घाओं, घाटों पर बैरिकेडिंग, आपातकालीन निकासी एवं जनसुविधाओं से संबंधित तैयारियों की ब्रीफिंग के दौरान विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन व्यवस्थाओं की समीक्षा करें,
जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, नवनिर्मित अस्थायी थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों से नियमित फीडबैक लेकर उनके सुझावों पर विचार किया जाए, ताकि आयोजन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित समस्या का समय रहते प्रभावी समाधान किया जा सके।
 प्रतिदिन होगी तैयारियों की समीक्षा, जमीनी समस्याओं का निकलेगा समाधान
• संबंधित अधिकारी प्रतिदिन एयर शो की तैयारियों की समीक्षा करेंगे तथा सामने आने वाली समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान की कार्ययोजना बनाएंगे।
• संबंधित थानों पर नियुक्त पुलिसकर्मियों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं की व्यावहारिक समीक्षा की जाएगी।
 जर्जर भवनों की छतों पर भीड़ जुटने से रोकने के निर्देश
• एयर शो के आसपास स्थित जर्जर एवं संवेदनशील भवनों को चिन्हित कर उनके स्वामियों को आवश्यक नोटिस दिए जाएंगे।
• भवन स्वामियों को निर्देशित किया जाएगा कि वे भवन की क्षमता से अधिक लोगों को छतों पर एकत्रित न होने दें।
• संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
 घाटों पर बैरिकेडिंग और दर्शक दीर्घाओं की सुरक्षा सर्वोपरि
• घाटों पर की गई बैरिकेडिंग की मजबूती एवं सुरक्षा व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
• आवश्यकतानुसार डबल बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
• दर्शक दीर्घाओं एवं इनक्लोजर का आकार ऐसा रखा जाएगा कि भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
• प्रत्येक इनक्लोजर का क्षेत्रफल 3,000 वर्ग मीटर से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं।
• भीड़ के दबाव, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
 चार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान से परिस्थितियों के अनुसार होगा यातायात प्रबंधन
• एयर शो के दौरान संभावित भीड़ एवं यातायात की विभिन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चार अलग-अलग स्तर के ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं।
• यातायात व्यवस्था को दो प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है:
o आंतरिक यातायात व्यवस्था
o बाह्य यातायात व्यवस्था
• दोनों व्यवस्थाओं के अंतर्गत आवश्यकतानुसार बैरियर, डायवर्जन एवं वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
• बाह्य यातायात व्यवस्था के लिए बाह्य डायवर्जन प्लान तथा आंतरिक यातायात व्यवस्था के लिए अलग आंतरिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
• पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक प्लान का गहन अध्ययन करने तथा उसमें सुधार के लिए व्यावहारिक सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैं।
 एयर शो के लिए जोनवार व्यवस्था, अलग-अलग पार्किंग स्थलों से सुगम होगा दर्शकों का आवागमन
• एयर शो देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत दर्शक दीर्घा को विभिन्न जोन में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन के अनुरूप अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।
• वाराणसी शहर से आने वाले दर्शकों को गंगा नदी के इस पार तथा बाहरी जनपदों से आने वाले दर्शकों को रामनगर-पड़ाव की ओर निर्धारित पार्किंग एवं दर्शक स्थलों का उपयोग करने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।
• दर्शकों को उनके निर्धारित जोन, पार्किंग स्थल एवं प्रवेश मार्ग के अनुसार आवागमन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि अनावश्यक भीड़, यातायात जाम एवं अव्यवस्था से बचा जा सके।
• पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं प्रवेश बिंदुओं पर तैनात रहकर दर्शकों को सही दिशा-निर्देश देंगे तथा यातायात एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे।
 शहर में तीन ग्रीन कॉरिडोर, निर्बाध चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन आवागमन की विशेष व्यवस्था
• एयर शो के दौरान यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए शहर में 03 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं, ताकि बाहरी जनपदों से उपचार हेतु वाराणसी आने वाले मरीजों एवं एयर शो के दौरान आपातकालीन स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को समय से अस्पताल पहुंचाया जा सके।
• सर सुंदरलाल अस्पताल, IMS-BHU, ट्रॉमा सेंटर BHU, शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल, पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल सहित प्रमुख सरकारी एवं निजी अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। एम्बुलेंस की निर्बाध आवाजाही हेतु पुलिस एवं यातायात पुलिस के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
• भीड़ की सुरक्षित निकासी के लिए विशेष योजना, वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र एवं वीवीआईपी आवागमन हेतु आकस्मिक वैकल्पिक मार्ग (कंटीजेंसी रोड) निर्धारित किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित मार्गों, बैरियरों एवं वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करेंगे।
 एनसीसी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय से होगा भीड़ प्रबंधन
• एयर शो के दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है।
• पुलिसकर्मी इनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन एवं जन सहायता के कार्यों को प्रभावी बनाएंगे।
• दर्शकों को सही मार्ग, वैकल्पिक रास्तों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा उपयुक्त दृश्यता वाले स्थानों के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
 पुलिस का व्यवहार होगा शालीन, सहयोगात्मक और जनहितकारी
• पुलिसकर्मी दर्शकों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करेंगे तथा उन्हें ‘सर’ एवं ‘मैडम’ कहकर संबोधित करेंगे।
• आमजन को रास्ता बताने, आवश्यक जानकारी देने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
• किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन में संयम एवं संवेदनशीलता बरती जाएगी तथा अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाएगा।
• प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
• महिला दर्शकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए महिला पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती।
 एयर शो के दृष्टिगत 79 अस्थाई पुलिस थानों की व्यवस्था, नगर एवं घाट क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सुदृढ़
• एयर शो के दौरान सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए निर्धारित नगर क्षेत्रों में 48 अस्थाई थानों तथा घाट क्षेत्रों में 31 अस्थाई घाट थानों की व्यवस्था की गई है।
• अस्थाई पुलिस थानों पर 01 उपनिरीक्षक एवं 04 आरक्षी किये गये नियुक्त ।
• सभी अस्थाई थानों पर नियुक्त पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक रास्तों, पार्किंग स्थलों, अस्पतालों, शौचालयों एवं पेयजल सुविधाओं की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
 वायरलेस संचार पर विशेष जोर, सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई
• ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के पास वायरलेस सेट उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाएगा।
• ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा वायरलेस संचार एवं प्राप्त सूचनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
• प्राप्त सूचनाओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए निर्धारित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
• सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहेंगे और आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की तैयारियों को लेकर अस्थाई थानों पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग—दर्शकों की सुरक्षा, सुगम यातायात, सुव्यवस्थित भीड़ प्रबंधन एवं जन सुविधाओं पर विशेष जोर; जन सहयोग से भव्य, सुरक्षित एवं यादगार आयोजन की तैयारी।