चन्दौली
पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला द्वारा थाना सैयदराजा क्षेत्र के अंतर्गत मुस्तैदी, सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया से एक महिला की अनमोल जान बचाने वाले यू0पी0-112 (PRV-7411) के पुलिसकर्मियों को ‘प्रशस्ति पत्र’ देकर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उत्कृष्ट कार्य (Outstanding effort to save human lives) की श्रेणी के तहत प्रदान किया गया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों का विवरण:
उ0नि0 ओमप्रकाश राम (पीएनओ-950831004)
हो0गा0 चालक मुरलीश्याम तिवारी
घटना का विवरण:
दिनांक 18.09.2026 को प्रातः 07:26 बजे थाना सैयदराजा क्षेत्रांतर्गत इवेंट संख्या 02823 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला आत्महत्या का प्रयास कर रही है। सूचना प्राप्त होते ही PRV-7411 पर तैनात उ0नि0 ओमप्रकाश राम एवं होमगार्ड चालक मुरलीश्याम तिवारी बिना किसी विलंब के तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर स्थिति का जायजा लेने पर ज्ञात हुआ कि पति से विवाद के बाद क्षुब्ध होकर महिला ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया है। PRV कर्मियों ने अपनी व्यावसायिक दक्षता, संवेदनशीलता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल सूझबूझ से कमरे का दरवाजा खोला और महिला को सुरक्षित बचाकर जीवन रक्षा सुनिश्चित की।
संकट की इस स्थिति में पुलिसकर्मियों द्वारा लिया गया त्वरित निर्णय और मानवीय दृष्टिकोण जनसेवा व सुरक्षा के प्रति चन्दौली पुलिस की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट एवं सराहनीय उदाहरण है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली द्वारा दोनों कर्मियों की इस त्वरित प्रतिक्रिया, संवेदनशीलता एवं उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा उनके उज्ज्वल एवं कर्तव्यनिष्ठ भविष्य की कामना की गई।







