वाराणसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा और संकल्प’ महाअभियान के अंतर्गत वाराणसी कैण्ट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मंगलवार को रामनगर स्थित राजकीय बालगृह (बालक) एवं वृद्धाश्रम पहुंचकर बच्चों और बुजुर्गों के साथ समय बिताया।
इस दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर आत्मीय संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
राजकीय बालगृह में विधायक ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और दैनिक गतिविधियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मिठाई, टॉफी, बिस्कुट, नमकीन और चॉकलेट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान विधायक ने बालगृह में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन वहीं के एक बच्चे से कराया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को और बेहतर एवं रोचक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश मैथ ओलंपियाड में दो पदक प्राप्त करने वाले छात्र को विधायक ने सम्मानित किया और उसकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने अन्य बच्चों को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बच्चों से पूछा कि क्या वह कहीं घूमने जाना चाहते हैं? बच्चों के सहमति जताने पर उन्होंने शीघ्र ही बच्चों के लिए बस की व्यवस्था कर उन्हें पिकनिक पर ले जाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक रामनगर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वहां रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सभी को फल वितरित किए। बातचीत के दौरान कुछ वृद्धजनों ने वृद्धावस्था पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने की समस्या विधायक के सामने रखी।
विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर पात्र वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान विधायक सौरभ ने अपना मोबाइल नंबर भी बुजुर्गों को दिया और कहा कि आप लोगों को 24 घंटे कभी भी कोई परेशानी हो, मुझे अपना बेटा समझकर फोन करिए।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना, उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और बुजुर्गों की आवश्यकताओं का ध्यान रखना सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा और संकल्प’ अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझने और यथासंभव समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान संतोष द्विवेदी, सृजन श्रीवास्तव, रितेश राय, मनोज यादव, जितेंद्र सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, गोविंद मौर्य, दिव्यांश केसरी, स्वयं श्रीवास्तव, कृष्ण गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – रिम्मी कौर







