पड़री। थाना क्षेत्र के भरपुरा गांव में राधे-राधे ढाबे के पास सोमवार को सड़क किनारे संदिग्ध हालत में एक बोरी मिलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बोरी को देखकर लोगों में उसमें किसी व्यक्ति का शव होने की आशंका फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बोरी को अपने कब्जे में लेकर जांच की। पुलिसकर्मियों ने बोरी को खुलवाकर देखा तो उसमें किसी व्यक्ति का शव नहीं, बल्कि एक बछड़ा मृत अवस्था में मिला। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति की जानकारी ली और मृत बछड़े को निस्तारित कराने की व्यवस्था की।
पुलिस की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर मृत बछड़े को दफना दिया गया। बोरी के अंदर बछड़ा मिलने के बाद लोगों में फैली शव होने की आशंका समाप्त हुई। घटना को लेकर मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने जांच के बाद स्थिति स्पष्ट कर दी।








