मीरजापुर
जनपद में शनिवार शाम से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली भी गिरी। इसी क्रम में सिविल लाइन क्षेत्र में अशोका स्वीट के पास लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से राजा विजयपुर कोठी और सिविल लाइन क्षेत्र के लगभग 400 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के अभियंता और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत कर ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया, परंतु ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो सका।
बिजली बाधित होने से परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मीरजापुर इंजीनियर आर. के. यादव ने बताया कि भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदलकर शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित अभियंताओं को निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।







