चन्दौली चकिया क्षेत्र के तियरी गांव स्थित एसआरवीएस कृषि महाविद्यालय परिसर में रविवार को एक विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस जनसेवा कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
शिविर में कुल लगभग 700 लोगों ने पंजीकरण कराया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वैभव एवं डॉ. ए.के. चौबे ने बारी-बारी से मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के उपरांत 500 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया गया, जबकि 200 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।
छत्रबली सिंह ने कहा कि “स्वस्थ आंखें ही बेहतर जीवन की आधारशिला हैं। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में कष्ट न सहे।” उन्होंने बताया कि चयनित सभी मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन वाराणसी स्थित प्रभावती नेत्र अस्पताल में कराया जाएगा। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने गांवों के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं भी रखीं। इस पर छत्रबली सिंह ने आश्वासन दिया कि विकास खंड का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा और सभी गांवों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में एसआरवीएस के डायरेक्टर श्याम जी सिंह, मुत्रू सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह, बनारसी सिंह, साहब सिंह, बाबिल सिंह, सजाउद्दीन प्रधान, सतीश चौहान, विकेस सिंह, विक्कू, सोनू सिंह, अजय सिंह सपना, संतोष त्रिपाठी, उपेन्द्र पांडेय, एहसान अहमद, लव केशरी, संतोष सिंह, रामकृष्ण पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. एस.आर. चौबे, डॉ. विनय देशमुख, डॉ. विपिन मौर्य, डॉ. आर.एस. वर्मा, गुड्डू चौबे, बाबू चौहान सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







