शहाबगंज (चंदौली), 7 फरवरी रविवार को मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आर.के. नेत्रालय द्वारा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तर प्रदेश एवं बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आए मरीजों को निःशुल्क नेत्र जांच, उपचार, दवा एवं चश्मा वितरण की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच की। जांच के उपरांत 21 मरीजों के मोतियाबिंद का अत्याधुनिक फेको विधि से सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन किया गया। इस सेवा कार्य से मरीजों के चेहरों पर नई रोशनी और संतोष की झलक दिखाई दी।
आर.के. नेत्रालय के संचालक राजेश विश्वकर्मा ‘राजू’ ने कहा, “हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव में नेत्र उपचार से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से वर्षभर ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाता है।”
शिविर में आए लोगों ने मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिल रही है। कार्यक्रम का संचालन श्री सुबास विश्वकर्मा ने किया, जबकि आभार सत्यानंद रस्तोगी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज, डॉ. अजय, रिंकू यादव, सुमंत कुमार मौर्य, राधेश्याम, विजयकांत, प्रताप सिंह, आयुष, नन्दलाल, पिंटू, विरेंद्र भूषण तिवारी, राजकुमार मोदनवाल, रामकुमार बाबा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मातृभूमि सेवा ट्रस्ट के इस प्रयास को क्षेत्र में सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







