BHU के छात्रों का जातिगत टिप्पणी पर फूटा गुस्सा! भाजपा प्रवक्ता प्रो. संदीप रागी के खिलाफ लंका थाने में शिकायत, मुकदमा दर्ज करने की मांग

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। दिल्ली विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं भाजपा प्रवक्ता संदीप रागी द्वारा एबीपी चैनल पर एक टीवी डिबेट के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज काका के खिलाफ कथित जातिगत टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों ने लंका थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

छात्रों का आरोप है कि डिबेट के दौरान मनोज काका को ‘गँवार’, ‘बेहूदा’ और ‘अहीर’ जैसे शब्दों से संबोधित किया गया। छात्रों ने इसे पिछड़े समाज के प्रति अपमानजनक और जातिगत गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया।

संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के परास्नातक छात्र निर्भय यादव ने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी प्रोफेसर द्वारा किया जाना उनकी जाहिलियत और कुंठित मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त वक्तव्य से संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 21 के तहत प्राप्त समानता, भेदभाव से संरक्षण तथा गरिमापूर्ण जीवन के अधिकारों का उल्लंघन हुआ है।

छात्रों ने सर्वोच्च न्यायालय के के.एस. पुट्टस्वामी और फ्रांसिस कोराली मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सामाजिक प्रतिष्ठा और गरिमा पर हमला गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता असीमित नहीं है और संविधान के अनुच्छेद 19(2) के तहत उस पर उचित प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

यादव समाज की गरिमा पर चोट का आरोप

छात्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यादव समाज अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में आता है और वाराणसी सहित काशी हिंदू विश्वविद्यालय में इस समाज के बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच पर पूरे समाज को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला और जातिगत वैमनस्य बढ़ाने वाला कृत्य है।

छात्रों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे शिक्षाविदों से सार्वजनिक संवाद में मर्यादा और संवैधानिक मूल्यों के पालन की अपेक्षा की जाती है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment