चोरों के आगे बौना पड़ी पुलिस,घरों से लेकर मंदिरों तक चोरों का आतंक; काली माता का मुकुट चोरी;

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि अब घरों और दुकानों के बाद मंदिर भी उनके निशाने पर आ गए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच बुधवार की रात धानापुर कस्बा स्थित वार्ड नंबर छह के काली माता मंदिर से चोर चांदी का मुकुट और देवी की आंखें चोरी कर ले गए।

धार्मिक स्थल में हुई इस वारदात ने श्रद्धालुओं की आस्था को चोट पहुंचाने के साथ ही पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं,हैरानी की बात यह है कि यह कोई पहली घटना नहीं है,पिछले कई महीनों से धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। कभी मंदिरों के ताले टूट रहे हैं तो कभी घरों में घुसकर नकदी और लाखों के आभूषण पार किए जा रहे हैं।

घटनाओं का सिलसिला थमने के बजाय नए इलाकों तक फैलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस हर घटना के बाद मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल तो करती है, लेकिन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश और पुराने मामलों के खुलासे को लेकर अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं।

मंदिरों से शुरू हुई चोरी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता,14 जून 2026 को नरौली गांव में एक ही रात चोरों ने तीन मंदिरों को निशाना बनाया। सरजू दास कुटी, वीर बाबा, भगवान शंकर और हनुमान मंदिरों से चांदी के मुकुट, पीतल के घंटे और पूजा के बर्तन चोरी होने की खबर सामने आई। इससे पहले बुद्धपुर और रसूलपुर के मंदिरों में भी चोरी की घटनाएं हुई थीं। लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था।

20 अगस्त 2026 को धानापुर कस्बा स्थित काली माता मंदिर में चोरों ने फिर वारदात की। मंदिर से करीब 20 किलो का पीतल का घंटा और चांदी की सात आंखें चोरी कर ली गईं। सुबह पूजा के लिए पहुंचे लोगों को घटना की जानकारी हुई तो मंदिर परिसर में भीड़ जुट गई। उस समय भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी।

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment