चंदौली
चंदौली सकलडीहा बार एसोसिएशन के वकीलों ने मंगलवार को तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एसडीएम आकांक्षा सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि 38(2) समेत कई मामलों का निपटारा नहीं हो रहा है।
वकीलों ने आरोप लगाया कि आरके दफ्तर में तैनात रजिस्ट्रार नवनीत मिश्रा पैसे लेकर खतौनी में नाम संशोधित कर रहे हैं, जबकि यह काम न्यायालय का है। उन्होंने छह सूत्रीय मांगों को लेकर भी ज्ञापन दिया।
बार के पूर्व अध्यक्ष नितिन तिवारी और पूर्व महामंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 38/2 की फाइल में रिपोर्ट आने के बाद भी आदेश जारी नहीं हो रहे और कार्रवाई नहीं की जा रही। आईजीआरएस, तहसील दिवस और सामान्य प्रार्थना पत्रों पर रिपोर्ट आने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने कहा कि खतौनी में गलत संशोधन के खिलाफ प्रार्थना पत्र और सबूत देने के बाद भी सुधार नहीं किया जा रहा। उच्च अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्रों का निपटारा नहीं होता। अदालतों और दफ्तरों में 38(2), नक्शा संशोधन समेत अन्य मामलों की फाइलों पर कार्रवाई नहीं होती और कुछ फाइलें गायब कर दी जाती हैं।
वकीलों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को बढ़ावा देने और शिकायत के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने एक ही सर्किल में 10-10 साल से तैनात लेखपालों के तबादले की मांग भी की।
वकीलों ने कहा कि 12 नवंबर तक समस्याओं का निपटारा नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बार महामंत्री रामराज यादव ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात लेखपाल नवनीत मिश्रा पैसे लेकर 38(2) का काम कर रहे हैं। उन्होंने उनके खिलाफ कार्रवाई कर निलंबित करने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व बार अध्यक्ष नितिन कुमार तिवारी, अतुल तिवारी, महामंत्री रामराज सिंह यादव, पूर्व महामंत्री पंकज कुमार सिंह, सुभाष सिंह, सुरेंद्रकांत मिश्रा, श्रीकांत सिंह और दशरथ यादव समेत कई वकील मौजूद रहे।वही एसडीएम आकांक्षा सिंह ने कहा कि वह इसकी जांच कराएगी।अधिवक्ताओं और आमलोगों की समस्याओं को निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।







