मीरजापुर, 12 अक्टूबर 2026- शारदीय नवरात्र मेला को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल, अष्टभुजा एवं कालीखोह मंदिर परिसर का सघन भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दर्शन मार्ग, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, प्रसाद की दुकानों एवं गंगा घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं से संवाद कर सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं को सुगमता पूर्वक मां का दर्शन-पूजन कराकर सकुशल उनके गंतव्य के लिए प्रस्थान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।भ्रमण के उपरान्त जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल स्थित प्रशासनिक भवन में नवरात्र मेला के प्रथम दिन सायं काल जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर मेला व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने तैनाती स्थल पर 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें तथा ड्यूटी प्वाइंट प्रतिस्थानी अधिकारी के आने के उपरान्त ही छोड़ें। भीड़ प्रबंधन हेतु प्रवेश एवं निकास द्वार को अलग-अलग रखा जाये तथा कतारबद्ध दर्शन कराया जाये। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था निरन्तर दुरुस्त रखी जाये।
पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित पार्किंग एवं रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाये ताकि कहीं जाम की स्थिति न बनने पाये। यह भी कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर लाउडस्पीकर/एनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्ग, पार्किंग एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मेला क्षेत्र में मिठाई, खोया, दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की निरन्तर जांच करे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थायी चिकित्सा शिविरों में जीवन रक्षक दवाएं, एम्बुलेंस एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार किया जाये तथा महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखा जाये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह सहित समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।मा0 विधायक नगर रत्नाकर मिश्र व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी ने श्रद्धालुओं को मां का प्रसाद भी वितरित किया।








