वाराणसी
दिनांक 03.10.2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रशासन/बरेका, वाराणसी के क्षेत्राधिकार में नियमित गश्त के दौरान उप निरीक्षक लवकुश प्रसाद एवं कांस्टेबल अजय कुमार विश्वकर्मा द्वारा लगभग 07:20 बजे नाथूपुर पोटा केबिन के सामने सड़क पर एक लेडीज हैंड पर्स लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ पाया गया।
रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा पर्स को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसमें उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क किया गया। वार्ता के दौरान महिला ने अपना पर्स उक्त स्थान पर गिर जाना बताया। महिला के बरेका/कैंट क्षेत्र में पहुंचने पर उसकी पहचान एवं पर्स में उपलब्ध सामान का सत्यापन किया गया।
सत्यापन के दौरान पर्स में ₹1,390/- नकद, लगभग 12 ग्राम वजन की सोने की चेन, चांदी की पायल तथा परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक सामान सही-सही पाया गया। बरामद सामान की अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये) आंकी गई।
समस्त सामान का मिलान एवं पहचान सुनिश्चित होने के उपरांत, सुरक्षा स्टाफ नागेंद्र चौबे की मौजूदगी में नियमानुसार सुपुर्दगी नामा तैयार कर महिला को उसका सामान सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने रेलवे सुरक्षा बल के इस सराहनीय, संवेदनशील एवं मानवीय कार्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। संयोगवश आज जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के अवसर पर सामान सुरक्षित वापस मिलने से महिला ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की तथा रेलवे सुरक्षा बल के प्रति अपनी आस्था एवं विश्वास प्रकट किया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता, संवेदनशीलता एवं मानवीय सेवा को भी सदैव प्राथमिकता दी जाती रही है।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला







