वाराणसी। महिला भूमिहार समाज एवं पॉपुलर हॉस्पिटल, ककरमत्ता, डीएलडब्ल्यू, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में किड्स वैली स्कूल, लखीमपुर बेलवा, बाबतपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में जनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, नेत्र रोग तथा शिशु एवं बाल रोग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही खान-पान, संतुलित जीवनशैली, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कहा कि बदलती जीवनशैली में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद आवश्यक है। ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण नहीं देतीं। ऐसे में समय-समय पर जांच कराने से बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में की जा सकती है। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं आंखों की देखभाल को लेकर भी अभिभावकों को जरूरी सुझाव दिए गए। नेत्र विशेषज्ञों ने नियमित रूप से आंखों की जांच कराने तथा मोबाइल और अन्य डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी।
आयोजकों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा समाज की बुनियादी आवश्यकताओं में से एक है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ऐसे शिविरों का प्रमुख उद्देश्य है। भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।चिकित्सकों एवं स्कूल प्रबंधन का सम्मान शिविर के दौरान महिला भूमिहार समाज की ओर से पॉपुलर हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम तथा किड्स वैली स्कूल की संस्थापिका पूनम सिंह एवं स्कूल के स्टाफ को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने शिविर में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्कूल प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।तुलसी का पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम के सदस्यों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। पौधे भेंट करने का उद्देश्य लोगों को हरियाली, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. राजलक्ष्मी राय, पूनम सिंह, किरण सिंह, वंदना सिंह, प्रतिमा राय, सोनी राय, पुष्पा, अनिता, सविता, सरिता, विनीता, उमा, कुसुम, खुशबू राय, रिमझिम, प्राची, प्रिया, रागिनी , जोशी , प्रेरणा एवं स्वाती सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।







