वाराणसी
दिनांक 28.09.2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा थाना बड़ागाँव का मुआयना किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेख एवं रजिस्टरों के रख-रखाव, जनशिकायतों के निस्तारण, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था, मेस, बैरक, साफ-सफाई तथा पुलिसकर्मियों के रहने-खाने की सुविधाओं का जायजा लिया गया।

पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर में साफ-सफाई, आगन्तुकों के लिए शुद्ध पेयजल तथा महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टल एवं कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा 1090, 112 एवं 1930 हेल्पलाइन की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी की नियमित जांच और कमियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

पुलिसकर्मियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को सुनकर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में चल रहे नवनिर्माण कार्य को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
एक माह के विशेष अभियान के तहत गोमती जोन के सर्किल पिण्डरा एवं राजातालाब की लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्य संकलन, नियमित पर्यवेक्षण एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सहित सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।







