सकलडीहा,
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सकलडीहा पीजी कॉलेज से गुरूवार को सुबह हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ। इसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ सहभागिता की।
रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर भारत माता की जय,वंदे मातरम्,‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। रैली महाविद्यालय परिसर से निकलकर सकलडीहा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करती हुई आगे बढ़ी।
प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि‘हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी श्रद्धा, सम्मान और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गौरव को बनाए रखे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं ।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक प्रो. दयाशंकर सिंह यादव,प्रो. विजेंदर सिंह, प्रोफेसर महेंद्र सिंह, प्रोफेसर इंद्रदेव सिंह,डॉक्टर राजेश यादव,डॉ जितेंद्र यादव,डॉ रजनीश गुप्ता,डॉ. यज्ञनाथ पाण्डेय , डॉ जितेंद्र यादव अजय यादव सहित अन्य रहे।







