बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) एवं वाराणसी नगर निगम (वीएनएन) के मध्य जलभराव से निपटने के लिए 45.30 करोड़ रुपये की व्यापक वर्षा जल निकासी परियोजना हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए ।
माननीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी नगर निगम के महापौर अशोक कुमार तिवारी बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की गरिमामयी उपस्थिति में बरेका की ओर से उप मुख्य इंजीनियर उत्पल कांत तथा नगर निगम की ओर से मुख्य अभियंता, नगर निगम श्री सुरेश चंद ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
यह परियोजना बरेका के पाहाड़ी गेट से चितईपुर रोड तक लगभग 14.20 किलोमीटर लंबी समेकित वर्षा जल निकासी प्रणाली के निर्माण से संबंधित है। इसकी कुल लागत ₹45.30 करोड़ है, जिसमें बरेका ₹24.00 करोड़ तथा वाराणसी नगर निगम ₹21.30 करोड़ का योगदान देगा।
परियोजना के पूर्ण होने पर बरेका की पश्चिम कॉलोनी स्थित रेलवे आवास वर्षा जल से सुरक्षित रहेंगे तथा भवनों की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित होगी। साथ ही बरेका से सटे नगर निगम क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को मानसून के दौरान जलभराव एवं आवागमन संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर सहित, वाराणसी नगर निमग के पार्षदगण एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







