वाराणसी।
योगी सम्राट पूज्य देवरहा बाबा की 36वीं पुण्यतिथि शनिवार, 11 जुलाई 2026 को काशी में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्री देवरहा बाबा आश्रम, द्वारकाधीश मंदिर, अस्सी घाट पर भव्य धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्मा, साधु-संत एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन जौनपुर वाले बाबा बालक दास “अन्न क्षेत्र जौनपुर” के तत्वावधान में किया जा रहा है। पुण्यतिथि के अवसर पर देवरहा बाबा के चित्र एवं चरण पादुका का पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, संतों का आशीर्वचन, भजन-कीर्तन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजकों का कहना है कि देवरहा बाबा ने अपने आध्यात्मिक जीवन, तपस्या और लोककल्याण के संदेश से करोड़ों लोगों को धर्म, सेवा और सदाचार की प्रेरणा दी। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
महंत श्रवणदास महाराज और मार्कण्डेय सिंह ‘मुन्ना’ (अन्न क्षेत्र जौनपुर) ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आयोजन में हजारों की संख्या में संत, महात्मा, साधु और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।







