वाराणसी।
शहर में अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में सोमवार से विशेष बुलडोजर अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगी। इस घोषणा के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित 18 दुकानों को करीब छह महीने पहले नोटिस जारी कर अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद संबंधित दुकानदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर प्रशासन ने अब सीधे बुलडोजर चलाने का फैसला किया है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम की टीम मौके पर तैनात रहेगी ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सूत्रों के मुताबिक, विजयनगरम मार्केट के अलावा आसपास के कई अवैध होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य निर्माण भी प्रशासन के रडार पर हैं। उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद उनके खिलाफ भी जांच और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन की इस सख्ती से साफ संकेत मिल रहे हैं कि वाराणसी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ आने वाले दिनों में और बड़े अभियान देखने को मिल सकते हैं।







