आजमगढ़।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मान्यता प्राप्त पत्रकार राजीव चौहान के असामयिक निधन पर जिला सूचना कार्यालय, आजमगढ़ में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव चौहान के पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से मान्यता प्राप्त पत्रकार थे और निष्पक्ष, जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व को सदैव स्मरण किया जाएगा।
जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में सूचना विभाग एवं जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की पत्रकार कल्याण योजना (JWS) के अंतर्गत उपलब्ध आर्थिक सहायता दिलाने के लिए परिजनों से आवेदन कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन और प्रशासन स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता एवं सहयोग को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी मीडिया बंधुओं ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।शोकसभा में सूचना विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437