नई दिल्ली/लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी में जल्द ही बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन को लेकर चर्चाएं तेज हैं और माना जा रहा है कि इस बार उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय संगठन में पहले से अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, कई बड़े नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारियां सौंपे जाने की तैयारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा की नई राष्ट्रीय पदाधिकारी टीम में उत्तर प्रदेश से एक राज्यसभा सदस्य और एक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन संगठन के भीतर मंथन अंतिम दौर में बताया जा रहा है।

वहीं, भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी अगले दो से चार दिनों में होने की संभावना है। संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार की जा रही है। पार्टी युवा और अनुभवी नेताओं के मिश्रण के साथ मजबूत संगठन खड़ा करने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद राष्ट्रीय संगठन में भी विस्तार की प्रक्रिया तेज होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अवध, पूर्वांचल और बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिला नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय पदाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की यह कवायद केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा भी है। नई टीम के जरिए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
फिलहाल भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की निगाहें प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्रीय टीम की घोषणा पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में संगठन की नई तस्वीर सामने आ जाएगी, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा की रणनीति को नई दिशा दे सकती है।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437