चन्दौली इलिया
प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, और जब मेहनत, लगन तथा सही मार्गदर्शन मिल जाए तो छोटे कस्बों के बच्चे भी बड़े मंचों पर इतिहास रच देते हैं। ऐसा ही शानदार प्रदर्शन देखने को मिला रविवार 10 मई 2026 को पंडित दीनदयाल नगर के कैलाशपुरी में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट कराटे चैम्पियनशिप में, जहां चकिया क्षेत्र के बच्चों ने अपने हुनर का दम दिखाते हुए कुल 8 पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में चकिया के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। 32 किग्रा भार वर्ग में प्रज्वल यादव ने बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर चकिया का नाम रोशन किया। उनके मुकाबले और प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

वहीं 40 किग्रा भार वर्ग में यशवि कार्तिक और 55 किग्रा भार वर्ग में मयंक गुप्ता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा देवांशी वर्मा, उर्वशी शर्मा, आदविक सिंह तथा अव्यान सिंह ने अपने-अपने भार वर्गों में कांस्य पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि चकिया की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। विजेता बच्चों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

सभी खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कराटे कोच नीरज गुप्ता को दिया। कोच नीरज गुप्ता ने कहा कि बच्चों ने कठिन मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और आने वाले समय में ये खिलाड़ी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी चकिया का नाम रोशन करेंगे।







