चन्दौली पड़ाव
बीपी स्कूल दुल्हीपुर के मैदान पर रविवार को रनों की बारिश और विकेटों के पतझड़ के बीच ‘सद्भावना कप 2026’ का भव्य समापन हुआ। लीजेंड टी-ट्वेंटी क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में पूर्वांचल स्पोर्ट्स ने अपने शौर्य का प्रदर्शन करते हुए पी.सी.ए. रामनगर को 18 रनों से परास्त कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।मैच की शुरुआत से ही पूर्वांचल का दबदबा देखने को मिला।
टीम के स्टार बल्लेबाज इनामू ने अपनी बल्लेबाजी से मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम के लिए विजय की सुदृढ़ नींव रखी।
जवाब में जब रामनगर की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो पूर्वांचल के गेंदबाजों ने ‘अंगद के पैर’ की तरह अपनी लाइन-लेंथ जमा ली। दीपक की फिरकती गेंदों ने विपक्षी बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाया।
उन्होंने कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके और रामनगर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।गेंदबाजी में दीपक का साथ कप्तान विभाष और शौजब हुसैन ने बखूबी निभाया। कप्तान विभाष ने नेतृत्व का परिचय देते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, वहीं शौजब ने 2 शिकार कर रामनगर को बैकफुट पर धकेल दिया। शैलेन्द्र,अभिषेक, वीरेंद्र आदि का भी प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
मैच के अंत में प्रदर्शन की चमक इतनी तेज थी कि चयनकर्ताओं के लिए किसी एक को चुनना मुश्किल हो गया। परिणाम स्वरूप प्लेयर ऑफ द मैच: दीपक (5 विकेट) और इनामू (51 रन) को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। मैच के उपरांत समाजसेवी वसीम खान ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
अंपायर उमंग, अनस और गाज़ी अब्बास की देखरेख में संपन्न हुए इस टूर्नामेंट ने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







