✨धनबाद:कोयलांचल में शुभम यादव के वायरल पत्र ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है. इस पत्र को लेकर क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है और सांसद ढुल्लू महतो और मेयर संजीव सिंह आमने-सामने नजर आ रहे हैं. दोनों ही पक्ष इस मामले में जांच की मांग कर रहे हैं. लेकिन आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है.
✨शुभम यादव ने अपनी हत्या से पूर्व झारखंड के डीजीपी को एक पत्र लिखा था. इस पत्र में उन्होंने सांसद और फरार अपराधी प्रिंस खान के बीच कथित संबंधों की जांच की मांग की थी. अब यही पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. शुभम यादव की हत्या सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित उनके आवास में घुसकर गोली मारकर कर दी गई थी.
मेयर ने की निष्पक्ष जांच की मांग
✨इस घटना के बाद से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. शुभम यादव धनबाद मेयर संजीव सिंह के समर्थक थे और उनके श्रमिक संगठन में महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे. अब मेयर संजीव सिंह इस पत्र को आधार बनाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. साथ ही बाघमारा में आतंक राज का आरोप लगा रहे हैं.
मामले की हो सीबीआई जांच: ढुल्लू महतो
✨वहीं सांसद ढुल्लू महतो ने भी मामले को गंभीर बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि कोयलांचल में रंगदारी, गुंडागर्दी और गोलीबारी की शुरुआत किसने की, यह सभी जानते हैं. इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोयलांचल की राजनीति में उबाल आ गया है. एक ओर जहां आरोपों की तीव्रता बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों की नजरें अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं.
रिपोर्ट – विजयलक्ष्मी तिवारी







