वाराणसी:
वाराणसी, 14 अप्रैल 2026: सिगरा थाना क्षेत्र में थाने के ठीक बगल से चंदुआसट्टी की तरफ जाने वाले मोड़ पर बना गहरा गड्ढा किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। सोमवार को इसी गड्ढे में एक कार गिरकर फंस गई, जिससे घंटों अफरा-तफरी मची रही। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह रास्ता काफी व्यस्त है और इसी मार्ग से कई स्कूल बसें भी रोजाना गुजरती हैं। मोड़ पर स्थित यह गहरा और खतरनाक गड्ढा लंबे समय से हादसों का सबब बना हुआ है।
आज सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। जाम की स्थिति न बने, इसके लिए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खुद ही कार को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। कार किसकी थी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
बताया जा रहा है कि गड्ढे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिए वहां बैरियर लगाया था। आशंका है कि गड्ढा एकदम मोड़ पर होने और वाहन की तेज गति के कारण कार बैरियर तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरी।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि थाने के बगल में ही इतना खतरनाक गड्ढा महीनों से मौजूद है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। अगर समय रहते गड्ढे को नहीं भरा गया तो किसी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढे को भरवाने और स्थायी बैरिकेडिंग की मांग की है।
रिपोर्ट : रिम्मी कौर







