वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रथयात्रा चौराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब शोरूम के सामने खड़ी एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी देर से मौके पर खड़ी थी। अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की तेज लपटें निकलने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने वाले यंत्रों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
घटना की जानकारी मिलते ही भेलूपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कुछ समय के लिए आवागमन नियंत्रित किया और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।







