चकिया, चन्दौली
चकिया विकासखंड के ग्रामसभा हिनौती दक्षिणी में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सोशल मीडिया संयोजक किसान मोर्चा मुकेश साहनी ने किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रति जागरूक किया। कृषि विभाग की ओर से पहुंचे डॉ. निष्कांत मौर्य (एसटीए) ने किसानों को मिट्टी की जांच कराने के बाद ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि खेतों की उर्वरता बनाए रखने के लिए हरी खाद के रूप में सनई, ढैंचा, उड़द एवं मूंग की खेती कर फसल को मिट्टी में सड़ाकर प्राकृतिक तरीके से भूमि की गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है। साथ ही किसानों से अपने खेत के छोटे से हिस्से में जैविक खेती की शुरुआत करने की अपील की।
वहीं, सहायक विकास अधिकारी कृषि अजीत कुमार ने किसानों को दलहन एवं तिलहन की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कृषि यंत्रीकरण, खेत तालाब योजना, बीज वितरण सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। इसके साथ ही बीज की बुकिंग कराकर किसानों को बीज उपलब्ध कराने की नई व्यवस्था से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम में आरोह फाउंडेशन चकिया के नीरज कुमार ने वित्तीय साक्षरता अभियान के अंतर्गत किसानों को विभिन्न बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक अमृत लाल, रवि मौर्य, अतुल सिंह सहित रामचंद्र निषाद, शंकर साहनी, बुझारत राजभर, सुरेश राजभर, हंसराज साहनी, दिलीप साहनी, लालचंद साहनी समेत सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







