रामनगर, वाराणसी
प्रत्येक मंगलवार की भांति कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बटाउबीर स्थित श्यामा उपवन में जनसुनवाई की। इस दौरान कई दर्जन लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई में एक व्यक्ति चौराहे पर हुई मारपीट में घायल होने की शिकायत लेकर पहुंचा। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा।
वहीं, कई लोगों ने अपने मोहल्लों में विधायक निधि से इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग रखी। विधायक ने प्रस्ताव लेकर संबंधित अधिकारियों को भेज दिया।
कुछ बुजुर्ग बिजली से जुड़ी समस्याएं और एक व्यक्ति दिव्यांग पेंशन की समस्या लेकर पहुंचा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों व मेडिकल अधिकारी से फोन पर बात कर समाधान के निर्देश दिए।
बुजुर्ग दंपत्ति को दिया सहारा:
जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग दंपत्ति ने बताया कि उनके ही बच्चों ने उन्हें घर से निकाल दिया है, जिससे वे बेघर हो गए हैं।
इस पर विधायक ने उन्हें वृद्धाश्रम में रहने की सलाह दी और कहा, “हम सभी आपके बेटे हैं। आपको रहने और खाने-पीने की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।” विधायक के इस आश्वासन से दंपत्ति को सहारा मिला।







