वाराणसी। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें मतदेय स्थलों के सम्भाजन, उनके भौतिक सत्यापन, निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आपत्तियां एवं सुझाव हेतु मतदेय स्थलों की आलेख सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को हो गया था। एवं राजनीतिक दलों को इसकी सूची उपलब्ध करवा दी गई थी।आज 26 अक्टूबर 2026 को शिकायत एवं सुझावों के निस्तारण के पश्चात मतदेय स्थलों की सूची 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य निर्वाचन कार्यालय को भेज दी जाएगी। आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रति मतदेय स्थल अधिकतम 1,200 मतदाताओं तथा दो किलोमीटर की भौगोलिक परिधि को ध्यान में रखते हुए सम्भाजन की कार्यवाही को आज 26 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों सहित सभी पात्र छूटे हुए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरवाया जाए। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए निर्वाचन नामावलियों को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने तथा मतदेय स्थलों की व्यवस्था को सुगम बनाने में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की।बैठक में सभी ई०आर०ओ०, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी,भारतीय जनता पार्टी, अपना दल (एस), कांग्रेस तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।






