मिर्जापुर,
जनपद मिर्जापुर के राजकीय हाई स्कूल भुईलीखास के लिए यह गौरव का विषय है कि विद्यालय के 10 तथा आदर्श इंटर कॉलेज अदलहाट के 2 खिलाड़ी व पंचायती राज शिक्षण संस्थान से 1 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन दिल्ली में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता (थांग-ता) के लिए हुआ है।
चयनित सभी खिलाड़ी अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता हैं। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। मिर्जापुर के चयनित खिलाड़ियों में बालिका वर्ग से छह तथा बालक वर्ग से सात खिलाड़ी शामिल हैं।
विशेष बात यह है कि सभी 13 खिलाड़ी वाराणसी के रामनगर स्थित डेकाथलॉन स्पोर्ट्स एंड मार्शल आर्ट स्कूल में भी प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। इस उपलब्धि में खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।
चयनित स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची
बालिका वर्ग
1. स्नेहा — अंडर-14, 41 किलोग्राम से कम भार वर्ग
2. श्वेता यादव — अंडर-17, 44 किलोग्राम भार वर्ग
3. प्रीति कुमारी — अंडर-17, 48 किलोग्राम से कम भार वर्ग
4. अंजनी कुमारी — अंडर-17, 52 किलोग्राम से कम भार वर्ग
5. मनोरमा — अंडर-17, 75 किलोग्राम से कम भार वर्ग
6. श्वेता कुमारी — अंडर-19, 54 किलोग्राम से कम भार वर्ग
बालक वर्ग
1. आशीष कुमार — अंडर-14, 40 किलोग्राम से कम भार वर्ग
2. रिंकू यादव — अंडर-14, 56 किलोग्राम से कम भार वर्ग
3. सूर्य प्रकाश — अंडर-14, 56 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग
4. बादल — अंडर-17, 56 किलोग्राम से कम भार वर्ग
5. प्रशांत कुमार — अंडर-19, 65 किलोग्राम से कम भार वर्ग
6. सागर — अंडर-19, 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग
7. मनीष — अंडर-19, 80 किलोग्राम से कम भार वर्ग
खेल शिक्षक सौरभ केशरी का रहा महत्त्वपूर्ण योगदान
खेल शिक्षक सौरभ केशरी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
इन 13 खिलाड़ियों को तैयार करने में उनका महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने विद्यालय, जनपद तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाएँगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना उनके लिए गर्व की बात है। डेकाथलॉन स्पोर्ट्स एंड मार्शल आर्ट स्कूल, रामनगर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने दी बधाई
खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक उदय भान सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित, मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजवन सिंह एवं जनपदीय क्रीड़ा सचिव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अगस्त मुनी उपाध्याय सहित शिक्षक राजू मौर्य, अरविंद कुमार यादव, प्रकाश एवं प्रहलाद सिंह ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और सभी को उम्मीद है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे
मिर्जापुर के लिए गौरव का क्षण
एक साथ 13 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयन होना जनपद के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है।
ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने से खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच तक पहुँच सकते हैं। इन खिलाड़ियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और सही दिशा में किए गए प्रयासों से बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की जा सकती हैं।
रिपोर्ट – रिम्मी कौर






