गाजीपुर 13 अक्टूबर 2026:
‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत मंगलवार को गाजीपुर में बालिकाओं को सशक्त बनाने की एक बेहद प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और अन्य परिषदीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं ने एक दिन के लिए प्रशासनिक कमान संभालते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और अन्य महत्वपूर्ण पदों का प्रतीकात्मक कार्यभार ग्रहण किया।
फाइलें देखीं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझी
एक दिन की अधिकारी बनीं छात्राओं ने न सिर्फ कार्यालय की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझा, बल्कि विभागीय पत्रावलियों का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की, जिनमें मुख्य रूप से मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) योजना, निपुण भारत मिशन,बालिका शिक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल रहीं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एक दिन की महिला अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशासनिक तंत्र के कामकाज और निर्णय लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के मन से झिझक को पूरी तरह खत्म करना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में बड़े लक्ष्यों को हासिल कर समाज में अपनी एक मजबूत पहचान बना सकें। इस विशेष अवसर पर संबंधित विद्यालयों की वार्डन, शिक्षक और अन्य विभागीय अधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







