जमानियां (गाजीपुर) नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का निजी कार्यों में दुरुपयोग किए जाने के विरोध में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों से नियमों को ताक पर रखकर निजी कार्य कराए जा रहे हैं। तथा सभासदों के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को हुई नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से नवीन गृहकर को फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद नगरवासियों पर गृहकर जमा करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
वही अध्यक्ष पर वादाखिलाफी और तानाशाहीपूर्ण तरीके से कार्य करने का आरोप लगाते हुए सभासदों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों पर तत्काल एक्शन लेने की मांग की है।
सभासदों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। उन्होंने नवीन गृहकर की वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले की जांच में अध्यक्ष या संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान विकास जायसवाल उर्फ जुगनू, राकेश प्रजापति, प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, राहुल वर्मा, राजा बाबू, अंजनी गुप्ता, रजनीकांत उपाध्याय, आशिमा खां, शिव बचन यादव, अरशद, उमराव यादव और शमीम अंसारी सहित कई अन्य सभासद मौजूद रहे।










Users Today : 67
Users This Year : 29115
Total Users : 41708
Views Today : 112
Total views : 80504