मीरजापुर । 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे मनाया गया।
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया और केनव्यू के सहयोग से संचालित ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत नगर क्षेत्र के विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने भी सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत हिन्दू बालिका विद्यालय, पंडित मदन मोहन कंपोजिट विद्यालय फतहा और लाल बहादुर शास्त्री प्राथमिक विद्यालय चेतगंज में बच्चों को साबुन से हाथ धोने के महत्व और स्वच्छता की अच्छी आदतों के बारे में बताया गया।

इस अवसर पर पीएसआई इंडिया के कार्यक्रम प्रबंधक विष्णु प्रकाश मिश्रा ने कहा कि साबुन और साफ पानी से सही तरीके से हाथ धोना डायरिया सहित कई संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि भोजन से पहले, शौचालय के बाद और गंदगी के संपर्क में आने पर साबुन से हाथ धोने की आदत बच्चों में जरूर विकसित करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए डायरिया की रोकथाम जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉप डायरिया कैंपेन चलाया जा रहा है। ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, जन-जागरूकता और स्वच्छता व्यवहार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हिन्दू बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निरुपमा मिश्रा ने कहा कि छात्राएं अपने परिवार और समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने बच्चों से हाथ धोने का सही तरीका अपनाने, स्वच्छ पेयजल और साफ भोजन का उपयोग करने तथा आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की।
इस दौरान सुधा गुप्ता, अर्चना शर्मा, मुख्य पर्यवेक्षिका नेहा गुप्ता, विभावती, अंजू श्रीवास्तव, मोहम्मद अमीन खान और पीएसआई इंडिया की एफपीसी अर्चना मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









Users Today : 53
Users This Year : 29101
Total Users : 41694
Views Today : 94
Total views : 80486