मीरजापुर 15 अक्टूबर 2026 – प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल पहुंचकर मां विन्ध्यवासिनी देवी का विधि विधान व मंत्रोच्चार के साथ दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने मां के चरणों में माथा टेककर प्रदेश की सुख समृद्धि, शान्ति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री को विधायक नगर/तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने दर्शन पूजन कराया।
मुख्यमंत्री लगभग 10:40 बजे मोतिया झील स्थित हेलीपैड पर पहुंचे जहां से विन्ध्याचल मन्दिर जाकर दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के पश्चात मुख्यमंत्री द्वारा गंगा घाट स्थित विन्ध्याचल के पक्का घाट पहुंचकर गंगा नदी पर निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया तथा प्रगति के बारे में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो।

तत्पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विन्ध्याचल के कालीखोह मोड़ पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया। उपस्थित जन समूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के द्वारा विन्ध्याचल मन्दिर कारीडोर, अयोध्या मन्दिर, काशी विश्वनाथ मन्दिर सहित धार्मिक व पर्यटन स्थलों का सर्वांगीण विकास किया गया है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास एवं श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। धार्मिक स्थलों का विकास होने से उत्तर प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिला है वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होते है। मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम कारीडोर इसी दिशा में किए गए कार्यो का एक जीवन्त उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सुविधाएं विकसित की जा रही है। इसी क्रम में विन्ध्याचल मण्डल में दो मेडिकल कालेज एवं दो राज्य विश्वविद्यालयों का संचालन भी प्रारम्भ हो चुका है।

इससे स्थानीय विद्यार्थियों/युवाओं को अपने जनपद और आस पास के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि जनपद भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय एवं जनपद मीरजापुर में मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय तथा मीरजापुर तथा सोनभद्र जैसे क्षेत्रों में चिकित्सा, शिक्षा की सुविधाएं विकसित हुई है इससे विद्यार्थियों को लाभ मिलने के साथ ही क्षेत्र के विकास को गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनने के बाद साढ़े नौ वर्षो में साढ़े नौ लाख नौजवानों व स्नातकों को सरकारी नौकरी दी गई है। सुरक्षा बेहतरीन वातावरण बनाया गया है जिससे 65 लाख लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियां मिली है। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक रोजगार विकसित किए गए है। आस्था भी आर्थिकी का कारण बन सकती है। प्रयागराज का महाकुम्भ, मां विन्ध्यवासिनी देवी धाम और काशी विश्वनाथ धाम इसके उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक योजनाएं युवाओं के लिए चल रही है। दो करोड़ युवाओं को टेबलेट देने की योजना है जिसमें 62 लाख युवाओं को टेबलेट दिए जा चुके है। स्नातक युवाओं को टेबलेट उपलब्ध कराकर डिजिटल अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग सेंटर प्रारम्भ किए गए है और वे पूर्णतया निशुल्क है।
वर्ष 2017 के पहले शिक्षकों का न सम्मान था, न सुरक्षा और न स्वास्थ्य की सुविधा थी, अब प्रदेश सरकार बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्ववित्त पोषित संस्थानों सहित 15 लाख शिक्षकों को उनके परिवार सहित प्रतिवर्ष 05 लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया है।
कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान और परसेप्शन दोनों बदले है।
कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले आशीष पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है। योगी सरकार में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री समाज कल्याण संजीव गौड़, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, क्षेत्रीय महामंत्री काशी क्षेत्र विद्याधर तिवारी, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, विधायक नगर रत्नाकर मिश्रा, सदस्य विधान परिषद श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल,
अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, विधायक छानबे रिंकी कोल, विधायक राबटसगंज भूपेश चौबे, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री राम कुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा के अलावा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मन्दिर दर्शन व घाटों के निरीक्षण के समय अपर महानिदेशक नवीन अरोड़ा, मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश, उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर जिलाधिकारी वि/रा विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू/रा विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।









Users Today : 51
Users This Year : 29099
Total Users : 41692
Views Today : 89
Total views : 80481