चंदौली सकलडीहा। सोनार समाज को एकजुट करने तथा उनके हक की लड़ाई लड़ने को लेकर सोनार नरहरि सेना द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिसके क्रम में मैदागिन स्थित स्वर्णकार समाज धर्मशाला, दारानगर में सोनार नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्राफा व्यापारी अनिल सेठ टाइगर के संबंध में भाजपा नेता द्वारा चौक थाने में दी गई तहरीर और कथित उत्पीड़न के मुद्दे पर चर्चा हुई।
धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि तहरीर वापस लेकर मामले का समाधान नहीं किया गया, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में वाराणसी दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में सोनार समाज भाजपा का विरोध करेगा। उन्होंने समाज के लगभग 30 से 32 हजार मतदाताओं की एकजुटता पर जोर दिया। इस दौरान समाज के पुरोधा स्वर्गीय मोतीलाल सेठ को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद सर्वसम्मति से स्वर्णकार समाज वाराणसी का पुनर्गठन कर मुरलीधर सेठ एवं धर्मेन्द्र कुमार वर्मा को संरक्षक, दिनेश कुमार सेठ को अध्यक्ष, मनोज सिंह स्वर्णकार को महामंत्री तथा संजय कुमार सेठ (संजू) को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक में समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन दिनेश कुमार वर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने किया।







