वाराणसी।
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण दशाश्वमेध से गोदौलिया मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। थाना प्रभारी संतोष सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी अमित मणि त्रिपाठी लगातार पैदल गश्त कर मार्ग की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
पैदल निगरानी के दौरान पुलिस टीम सड़क किनारे दुकानदारों और अन्य लोगों से संवाद कर उन्हें फुटपाथ व सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दे रही है। साथ ही सड़क के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों को भी चेतावनी दी जा रही है, ताकि राहगीरों और वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
चौकी प्रभारी अमित मणि त्रिपाठी का जोर कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को समझाने और सहयोग के लिए प्रेरित करने पर भी दिखाई दे रहा है। पुलिस द्वारा दुकानदारों से अपील की जा रही है कि वे अपनी दुकान का सामान सड़क या पैदल चलने वाले मार्ग तक न फैलाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग पर नियमित पैदल निगरानी से पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नजर रखी जा रही है। लगातार हो रही निगरानी से क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के पुलिस के प्रयास चर्चा में हैं।







