प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में वर्ष 2013 में हुए चर्चित सीओ जियाउल हक हत्याकांड में पूर्व कैबिनेट मंत्री और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को बड़ी कानूनी राहत मिली है। लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत ने मामले की दोबारा जांच के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ओर से दाखिल फाइनल रिपोर्ट/क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है। साथ ही राजा भैया के खिलाफ आगे कार्रवाई की मांग को भी खारिज कर दिया गया है।
परवीन आजाद की शिकायत के बाद दोबारा जांच तक पहुंचा मामला
सीओ जियाउल हक की पत्नी परवीन आजाद की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में राजा भैया समेत कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। शुरुआती जांच के बाद CBI ने राजा भैया की भूमिका को लेकर फाइनल रिपोर्ट दाखिल की थी। इस रिपोर्ट पर परवीन आजाद ने आपत्ति जताई और मामला न्यायालय तक पहुंचा।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में राजा भैया की भूमिका की दोबारा जांच की गई। वर्ष 2023 में दोबारा जांच पूरी करने के बाद CBI ने फिर से फाइनल रिपोर्ट दाखिल की। अब अदालत ने इसी रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए मामले में आगे कार्रवाई की मांग खारिज कर दी है।
2 मार्च 2013 को बलीपुर गांव में हुई थी वारदात
बता दें कि 2 मार्च 2013 को कुंडा क्षेत्र के बलीपुर गांव में तत्कालीन ग्राम प्रधान नन्हे यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के दौरान नन्हे यादव के भाई सुरेश यादव की भी हत्या हो गई।
इसके बाद भीड़ और उग्र हो गई तथा पुलिस टीम पर हमला हुआ। इसी घटनाक्रम में कुंडा के तत्कालीन सीओ जियाउल हक भीड़ के बीच फंस गए। बाद में उनका शव गांव में मिला। घटना के बाद यह मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियों में आ गया था।
मामले में 10 आरोपियों को हो चुकी है सजा
सीओ जियाउल हक हत्याकांड में CBI की विशेष अदालत ने अक्टूबर 2024 में 10 आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वहीं राजा भैया की भूमिका को लेकर CBI की जांच और उसके बाद की न्यायिक प्रक्रिया अलग से चलती रही।
अब दोबारा जांच के बाद दाखिल CBI की फाइनल रिपोर्ट को अदालत द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद राजा भैया के खिलाफ इस मामले में आगे कार्रवाई की मांग खारिज हो गई है। इससे उनकी भूमिका को लेकर वर्षों से चल रही कानूनी प्रक्रिया पर फिलहाल विराम लग गया है।










Users Today : 62
Users This Year : 29110
Total Users : 41703
Views Today : 106
Total views : 80498