मीरजापुर | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम कुमार की निगरानी में दिनांक 01 नवम्बर 2026 को बी.एच.यू. साउथ कैम्पस, बरकछा, मीरजापुर में आयोजित मेगा/वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार के कर कमलों से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया और आयोजन में सम्मिलित सभी स्टालों का भ्रमण कर जानकारी ली गई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़े चिन्हित पात्र लाभार्थियों को एक ही मंच से राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘एक छत, एक समाधान’ की भावना को साकार करना था।
मंच पर जनपद न्यायाधीश मीरजापुर अनुपम कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर आनन्द कुमार, जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार उपस्थित रहे। मेगा सहायता एवं सेवा शिविर में सभी विभागों के स्टाल लगाए गए। कैम्प में सभी न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, बड़ी संख्या में महिलाएं, पत्रकार, युवा एवं अन्य पात्र नागरिक उपस्थित थे।

जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम कुमार द्वारा लोगों को संबोधित करते हुए कहा गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का दायित्व केवल विधिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शासन द्वारा संचालित समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। प्राधिकरण का प्रयास होना चाहिए कि जानकारी एवं जागरूकता के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों अथवा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इसके पश्चात जनपद न्यायाधीश एवं सचिव व अन्य अधिकारीगण द्वारा सभी विभागों के स्टालों का भ्रमण करते हुए आयोजन में सहभागिता के विषय में विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई।
शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन आदि प्रदान किए गए। वृद्धावस्था, विधवा एवं निःशक्तता पेंशन के नए स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत लाभार्थी कन्याओं के खातों में सीधे लाभ हस्तांतरण के घोषणा पत्र वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को पोषण किट एवं लाभ की राशि प्रदान की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। रोजगार/स्वरोजगार विभाग के लाभार्थियों को विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए चयनित युवाओं को प्रशिक्षण प्रवेश पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र मीरजापुर द्वारा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा निषादराज बोट सब्सिडी योजना एवं मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उप कृषि निदेशक द्वारा मिलेट्स पुनरुद्धार योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में लाभ प्रदान किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।
एक जिला एक उत्पाद और जिला कारागार में निर्मित वस्तुओं का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शिविर के आयोजन से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष अभियान चलाकर पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से गांव-गांव एवं घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया गया। उनके आवेदन एवं आवश्यक अभिलेख एकत्रित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर आनंद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी विधिक सेवा शिविर तभी सफल माना जा सकता है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समुचित जानकारी प्राप्त हो। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें न्याय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है।
अपर जिला जज / नोडल अधिकारी मेगा शिविर आसिफ इकबाल रिजवी द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर द्वारा अनवरत क्रियाशील कार्यक्रमों के विषय में जानकारी देते हुए मुफ्त विधिक सहायता योजना, लोक अदालत, विधिक जागरूकता शिविर, मध्यस्थता केंद्र, जेल विजिट एवं विधिक सहायता शिविर, पैनल अधिवक्ता, पराविधिक स्वयं सेवक आदि विषयों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय शुक्ला, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम संतोष कुमार गौतम, नोडल अधिकारी आसिफ इकबाल रिजवी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव, अन्य न्यायिक अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आए लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लवी सिंह द्वारा किया गया।
समापन के अवसर पर नोडल अधिकारी आसिफ इकबाल रिजवी द्वारा सभी अतिथियों, विभागाध्यक्षों, स्टाल संचालकों, पत्रकारों, सहयोगी संस्थाओं, पैनल अधिवक्तागण, अधिकार मित्रों एवं शिविर के आयोजन से सफलता तक शामिल प्रत्येक व्यक्ति का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।







