मीरजापुर, 10 अक्टूबर 2026- मां विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में नवरात्र मेला की सभी तैयारियां प्रशासन की तरफ से पूर्ण करा ली गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके दृष्टिगत बसही स्थित सैम्फोर्ड पब्लिक स्कूल के सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट, मेला से सम्बन्धित सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक कर जोन व सेक्टरवार प्रत्येक बिन्दु पर ब्रीफिंग की।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों/पुलिस अधिकारियों से कहा कि नवरात्र मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ आती है। भीड़ प्रबंधन व श्रद्धालुओं को मां विन्ध्यवासिनी देवी का सुगम दर्शन के लिए सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को अपने ड्यूटी समय व स्थल पर 24 घण्टे अलर्ट मोड में रहने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन व 21 सेक्टर में विभाजित कर 20 जोनल मजिस्ट्रेटों व 72 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मजिस्ट्रेट व अधिकारी प्वाइंट को भ्रमण कर भली भांति देख लें तथा प्रत्येक दिन ड्यूटीरत अधिकारी अपने प्रतिस्थानी अधिकारी के आने के बाद ही ड्यूटी प्वाइंट छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को मां के धाम में सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
मात्र सरकारी ड्यूटी न समझकर सेवा भाव के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। उन्होंने कहा कि भीड़ व श्रद्धालुओं को देखते हुए प्रत्येक दिन प्रातः चार बजे से अपरान्ह तीन बजे तक वी0आई0पी0 दर्शन नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी किसी भी स्थिति में निकास द्वार से दर्शन किसी को नहीं करायेगा।पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग व्यवस्था आदि के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए
कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल में ही व्यवस्थित ढंग से पार्किंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मी पूरी पारदर्शिता के साथ ड्यूटी करें तथा प्रत्येक श्रद्धालु के साथ शिष्टाचार के साथ व्यवहार करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने मन्दिर परिसर, चारों प्रमुख मार्गों, गंगा घाटों पर लगे ड्यूटी अधिकारियों/पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
प्रत्येक जोन व सेक्टरवार प्रत्येक बिन्दु पर ब्रीफिंग करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं जाम की स्थिति न होने पाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, कार्मिकों को मेला में पारदर्शिता, ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेन्द्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेन्द्र सिंह, लालगंज अजीत कुमार सहित सभी क्षेत्राधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने इसके पूर्व विन्ध्याचल मन्दिर परिसर, गंगा नदी के प्रत्येक घाटों पर भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया
तथा प्रोजेक्ट मैनेजर सी एण्ड डी एस व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मीरजापुर को निर्देशित किया कि पूरे घाट पर बेहतर साफ सफाई एवं जैसे-जैसे गंगा का जल स्तर घटता जाए वैसे-वैसे तत्काल सीढ़ियों पर पम्प लगाकर मलबे को हटाने की कार्यवाही अनवरत की जाए।







