मीरजापुर । जिला सहकारी बैंक सीमित मीरजापुर के सभापति डॉ जगदीश सिंह पटेल ने बुधवार अपराह्न कछवा शाखा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाखा परिसर में पहुंचते ही उन्होंने कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, ग्राहक सेवा व्यवस्था तथा शाखा भवन की भौतिक स्थिति का गहन अवलोकन किया।
शाखा भवन की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर सभापति ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जर्जर और अव्यवस्थित परिसर में बैंकिंग कार्य संचालन न तो कर्मचारियों के हित में है और न ही सम्मानित ग्राहकों की गरिमा के अनुरूप है। सहकारिता आंदोलन को जन विश्वास से जोड़ने वाली संस्थाओं के भवन आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त होने ही चाहिए।
सभापति ने शाखा प्रबंधक को निर्देशित किया कि शीघ्र अति शीघ्र बैंक हेतु नए भवन परिसर की तलाश की जाए और शाखा भवन का आधुनिकीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भवन में ग्राहकों के बैठने, पेयजल, स्वच्छता तथा सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे ग्रामीण अंचल से आने वाले खाताधारकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान सभापति ने बैंक कर्मियों को ग्राहकों से सम्मानपूर्वक आचरण करने और प्रत्येक कार्य का त्वरित गति से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए सेवा भाव, पारदर्शिता और तत्परता ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बैंक मुख्यालय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में समस्त लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण कर बैंक हित में निष्ठापूर्वक दायित्वों का निर्वहन किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।







