मीरजापुर।
मीरजापुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान थाना कोतवाली देहात पुलिस और एक कथित शातिर स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी शिवम चौहान (23) के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी हालत सामान्य है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को खड़ंजा फाल मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक भागने लगा और घेराबंदी होने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
मंगलसूत्र, तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शिवम चौहान निवासी धौरूपुर, थाना कोतवाली देहात के कब्जे से छीना गया पीली धातु का मंगलसूत्र, एक देसी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल भी मिली है।
महिला से छिनैती की वारदात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब 7 से 8 बजे आरटीओ कार्यालय से पहले पहाड़ी गांव के पास लालगंज की ओर स्कूटी से जा रही एक महिला के गले से अपने सहयोगी के साथ मिलकर मंगलसूत्र और चेन छीनी थी। आरोपी के मुताबिक, चेन उसने अपने साथी को दे दी थी, जबकि मंगलसूत्र उसके पास था।
पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीआरपी मीरजापुर और कोतवाली देहात थाने में चोरी, छिनैती तथा अन्य आरोपों से संबंधित चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 498/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आयुध अधिनियम की धाराओं 3/25/27 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, बरकछा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद सिंह, करनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषिदेव शुक्ला और उनकी पुलिस टीम शामिल रही।






