वाराणसी
गंजारी में तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब क्रिकेट मैचों के लिए तैयार है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों स्टेडियम के उद्घाटन की तैयारी है। इसके बाद दिसंबर में पहली बार आधिकारिक घरेलू क्रिकेट के मुकाबले खेले जाएंगे।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने गंजारी को कूच बिहार ट्रॉफी अंडर-19 के दो मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है। जनवरी में डब्ल्यूपीएल के मुकाबले भी हो सकते हैं।
काशी के स्टेडियम में कूच बिहार ट्रॉफी का पहला मुकाबला तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच होगा। वहीं 11 से 14 दिसंबर तक यूपी और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
इसके बाद महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) कराने की तैयारी है। वर्ष 2027 का डब्ल्यूपीएल 14 जनवरी से शुरू होकर मार्च तक चल सकता है। वाराणसी को इसकी मेजबानी मिलने की संभावना है। स्टेडियम जनवरी तक पूरी तरह तैयार रहा तो यहां डब्ल्यूपीएल के मुकाबले खेले जाने की संभावना जताई गई है।
अक्टूबर में स्टेडियम हैंडओवर करेगी निर्माण एजेंसी
बीसीसीआई स्तर से मैदान, पिच और अन्य क्रिकेट सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद निर्माण एजेंसी अक्टूबर में स्टेडियम को हैंडओवर करेगी। इसके बाद यहां अभ्यास मैच, प्रदर्शनी मुकाबले और टीमों के आयोजन भी कराए जाएंगे।
30 हजार दर्शकों की क्षमता
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता करीब 30 हजार दर्शकों की है। स्टेडियम को डे-नाइट मुकाबलों के लिहाज से भी विकसित किया गया है। भविष्य में यहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्टेडियम की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को रखी थी। इसकी वास्तुकला में काशी की पहचान को दर्शाया गया है। त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट और डमरू की आकृति वाला पवेलियन इसकी खास पहचान है।







