चक्रवात ‘अर्नब’ से बिगड़ा यूपी का मौसम: लखनऊ में 20 घंटे से लगातार बारिश, आधे यूपी में बरसात, उफनाई नदी में बहा पेट्रोल टैंकर

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

लखनऊ / वाराणसी / कानपुर, 25 सितंबर

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। आधे से ज्यादा यूपी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हैं और दिन में अंधेरे जैसा माहौल है।

लखनऊ में 20 घंटे से बारिश, 40 जिलों में असर

लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत 40 शहरों में मौसम बिगड़ा हुआ है। राजधानी लखनऊ में पिछले 20 घंटों से तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश हो रही है। हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। तेज हवा से कई जगह फसलें गिर गई हैं और खेतों में पानी भर गया है।

खराब मौसम को देखते हुए अयोध्या-सुल्तानपुर में 12वीं तक और जौनपुर-गोंडा में 8वीं तक के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई है।

ललितपुर में उफनी जामनी नदी, पेट्रोल टैंकर फंसा

ललितपुर में लगातार बारिश से जामनी नदी उफान पर है। कुझान घाट के पास पुल डूब गया है। आज सुबह तेज बहाव में एक पेट्रोल टैंकर फंस कर पुल और नदी के बीच बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से टैंकर को बाहर निकाला गया। सीतापुर में भी सड़कों पर जलभराव से लंबा जाम लगा रहा।

IMD का अलर्ट: 65 जिलों में बारिश का अलर्ट, 27 तक जारी रहेगा सिस्टम

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक चक्रवाती सिस्टम पूर्वी यूपी की तरफ बढ़ रहा है। इससे पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में भी मौसम बदल सकता है। 27 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। आज प्रदेश के 65 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा –

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, “बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट को पार कर चुका है। इसके साथ ही पश्चिमी हवाओं की हलचल तेज हो गई है। इस सिस्टम के असर से 27-28 सितंबर तक पूरे यूपी में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। दिन का तापमान 5 से 8 डिग्री तक गिर सकता है, मौसम में ठंडक बढ़ जाएगी।”

 

रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई